इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019
भजन संहिता 126
सिय्योन की हर्षित वापसी
यात्रा का गीत
जब यहोवा सिय्योन में लौटनेवालों को लौटा ले आया,
तब हम स्वप्न देखनेवाले से हो गए1।
तब हम आनन्द से हँसने
और जयजयकार करने लगे;
तब जाति-जाति के बीच में कहा जाता था,
“यहोवा ने, इनके साथ बड़े-बड़े काम किए हैं।”
यहोवा ने हमारे साथ बड़े-बड़े काम किए हैं;
और इससे हम आनन्दित हैं।
हे यहोवा, दक्षिण देश के नालों के समान,
हमारे बन्दियों को लौटा ले आ!
जो आँसू बहाते हुए बोते हैं2,
वे जयजयकार करते हुए लवने पाएँगे।
चाहे बोनेवाला बीज लेकर रोता हुआ चला जाए,
परन्तु वह फिर पूलियाँ लिए जयजयकार करता हुआ निश्चय लौट आएगा। (लूका 6:21)
Source notes (2)
- Footnote हम स्वप्न देखनेवाले से हो गए: वह एक स्वप्न जैसा था कि हमें विश्वास नहीं हो रहा था कि ऐसा हो गया है। वह ऐसा आश्चर्यजनक था, ऐसा सुहावना था, ऐसा आनन्द से भरा हुआ था कि हमें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि वह वास्तविक है।
- Footnote जो आँसू बहाते हुए बोते हैं: बीज बोना एक परिश्रम का काम है और किसान पर ऐसा बोझ होता है कि वह रो देता है परन्तु जब फसल तैयार हो जाती है तब वह लवनी करके आनन्दित होता है।
इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.