Skip to content
BibleKenya

Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि

होशेआ 8

इस्राएल का फल भोगना

“तुरही को अपने होंठों पर रखो!

एक गरुड़ याहवेह के भवन के ऊपर है,

क्योंकि लोगों ने मेरी वाचा को तोड़ दिया है

और मेरे कानून का पालन नहीं किया है.

इस्राएल मुझसे पुकारकर कहता है,

‘हे हमारे परमेश्वर, हम आपको मानते हैं!’

पर इस्राएल ने भलाई को अस्वीकार किया है;

शत्रु उसके पीछे पड़ेगा.

वे मेरी सहमति के बिना राजाओं को ठहराते हैं;

वे मेरी स्वीकृति के बिना राजकुमारों को चुनते हैं.

वे अपने सोना और चांदी से

अपने विनाश के लिये

मूर्तियां बनाते हैं.

हे शमरिया, अपने बछड़े की मूर्ति को फेंक दो!

मेरा क्रोध उनके विरुद्ध भड़कता है.

वे कब तक शुद्धता के लिये अयोग्य ठहरेंगे?

वे इस्राएल से हैं!

यह बछड़ा—एक कारीगर ने इसे बनाया है;

यह परमेश्वर नहीं है.

उस शमरिया के बछड़े को

टुकड़े-टुकड़े कर दिया जाएगा.

“वे हवा बोते हैं,

और बवंडर रूपी फसल काटते हैं.

फसल के डंठल में बाली नहीं है;

इससे आटा नहीं मिलेगा.

यदि इससे अन्‍न पैदा होता,

तो परदेशी इसे खा जाते.

इस्राएल को निगल लिया गया है;

अब वह अन्य जनताओं के बीच ऐसा है

जिसे कोई नहीं चाहता.

क्योंकि वे एक भटके हुए जंगली गधे की तरह

अश्शूर को चले गये हैं.

एफ्राईम ने अपने आपको प्रेमियों के हाथ बेच दिया है.

यद्यपि उन्होंने अपने आपको अन्यजातियों के बीच बेच दिया है,

फिर भी अब मैं उनको एक साथ इकट्ठा करूंगा.

शक्तिशाली राजा के सताव के कारण

वे नाश होने लगेंगे.

“यद्यपि एफ्राईम ने पापबलि के लिए अनेक वेदियां बनाई हैं,

पर ये वेदियां उनके पाप करने का कारण बन गई हैं.

मैंने उनके लिये अपने कानून से संबंधित बहुत सी बातें लिखी,

पर उन्होंने उन बातों को बाहर का समझा.

यद्यपि वे मुझे भेंट के रूप में बलिदान चढ़ाते हैं,

और यद्यपि वे मांस खाते हैं,

पर याहवेह उनसे खुश नहीं हैं.

अब वह उनके दुष्ट कामों को याद करेंगे

और उनके पापों के लिये दंड देंगे:

वे मिस्र देश को लौटेंगे.

इस्राएल ने अपने बनानेवाले को भुला दिया है

और महल बना लिये हैं;

यहूदिया राज्य ने बहुत से नगरों का किलाबंदी कर लिया है.

पर मैं उनके शहरों पर आग लगा दूंगा,

और उनके गढ़ जलकर भस्म हो जाएंगे.”

Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.