Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

नीतिवचन 16

मन की युक्ति मनुष्य के वश में रहती है,

परन्तु मुँह से कहना यहोवा की ओर से होता है।

मनुष्य का सारा चाल चलन अपनी दृष्टि में पवित्र ठहरता है1,

परन्तु यहोवा मन को तौलता है।

अपने कामों को यहोवा पर डाल दे2,

इससे तेरी कल्पनाएँ सिद्ध होंगी।

यहोवा ने सब वस्तुएँ विशेष उद्देश्य के लिये बनाई हैं,

वरन् दुष्ट को भी विपत्ति भोगने के लिये बनाया है। (कुलु. 1:16)

सब मन के घमण्डियों से यहोवा घृणा करता है;

मैं दृढ़ता से कहता हूँ, ऐसे लोग निर्दोष न ठहरेंगे।

अधर्म का प्रायश्चित कृपा, और सच्चाई से होता है,

और यहोवा के भय मानने के द्वारा मनुष्य बुराई करने से बच जाते हैं।

जब किसी का चाल चलन यहोवा को भावता है,

तब वह उसके शत्रुओं का भी उससे मेल कराता है।

अन्याय के बड़े लाभ से,

न्याय से थोड़ा ही प्राप्त करना उत्तम है।

मनुष्य मन में अपने मार्ग पर विचार करता है,

परन्तु यहोवा ही उसके पैरों को स्थिर करता है।

राजा के मुँह से दैवीवाणी निकलती है,

न्याय करने में उससे चूक नहीं होती।

सच्चा तराजू और पलड़े यहोवा की ओर से होते हैं,

थैली में जितने बटखरे हैं, सब उसी के बनवाए हुए हैं।

दुष्टता करना राजाओं के लिये घृणित काम है,

क्योंकि उनकी गद्दी धर्म ही से स्थिर रहती है।

धर्म की बात बोलनेवालों से राजा प्रसन्न होता है,

और जो सीधी बातें बोलता है, उससे वह प्रेम रखता है।

राजा का क्रोध मृत्यु के दूत के समान है,

परन्तु बुद्धिमान मनुष्य उसको ठंडा करता है।

राजा के मुख की चमक में जीवन रहता है,

और उसकी प्रसन्नता बरसात के अन्त की घटा के समान होती है।

बुद्धि की प्राप्ति शुद्ध सोने से क्या ही उत्तम है!

और समझ की प्राप्ति चाँदी से बढ़कर योग्य है।

बुराई से हटना धर्मियों के लिये उत्तम मार्ग है,

जो अपने चाल चलन की चौकसी करता, वह अपने प्राण की भी रक्षा करता है।

विनाश से पहले गर्व,

और ठोकर खाने से पहले घमण्ड आता है।

घमण्डियों के संग लूट बाँट लेने से,

दीन लोगों के संग नम्र भाव से रहना उत्तम है।

जो वचन पर मन लगाता, वह कल्याण पाता है,

और जो यहोवा पर भरोसा रखता, वह धन्य होता है3।

जिसके हृदय में बुद्धि है, वह समझवाला कहलाता है,

और मधुर वाणी के द्वारा ज्ञान बढ़ता है।

जिसमें बुद्धि है, उसके लिये वह जीवन का स्रोत है,

परन्तु मूर्ख का दण्ड स्वयं उसकी मूर्खता है।

बुद्धिमान का मन उसके मुँह पर भी बुद्धिमानी प्रगट करता है,

और उसके वचन में विद्या रहती है।

मनभावने वचन मधु भरे छत्ते के समान प्राणों को मीठे लगते,

और हड्डियों को हरी-भरी करते हैं।

ऐसा भी मार्ग है, जो मनुष्य को सीधा जान पड़ता है,

परन्तु उसके अन्त में मृत्यु ही मिलती है।

परिश्रमी की लालसा उसके लिये परिश्रम करती है,

उसकी भूख तो उसको उभारती रहती है।

अधर्मी मनुष्य बुराई की युक्ति निकालता है4,

और उसके वचनों से आग लग जाती है।

टेढ़ा मनुष्य बहुत झगड़े को उठाता है,

और कानाफूसी करनेवाला परम मित्रों में भी फूट करा देता है।

उपद्रवी मनुष्य अपने पड़ोसी को फुसलाकर कुमार्ग पर चलाता है।

आँख मूँदनेवाला छल की कल्पनाएँ करता है,

और होंठ दबानेवाला बुराई करता है।

पक्के बाल शोभायमान मुकुट ठहरते हैं;

वे धर्म के मार्ग पर चलने से प्राप्त होते हैं।

विलम्ब से क्रोध करना वीरता से,

और अपने मन को वश में रखना, नगर को जीत लेने से उत्तम है।

चिट्ठी डाली जाती तो है,

परन्तु उसका निकलना यहोवा ही की ओर से होता है। (प्रेरि. 1:26)

Source notes (4)
  1. Footnote मनुष्य का सारा चाल चलन अपनी दृष्टि में पवित्र ठहरता है: हमें अपने दोष दिखाई नहीं देते, हम अपने को वैसे नहीं देखते जैसे दूसरे हमें देखते हैं। ऐसा भी कोई है जो चाल चलन ही को नहीं मनुष्य की आत्मा को भी परखता है।
  2. Footnote अपने कामों को यहोवा पर डाल दे: अर्थात् मनुष्य अपना बोझ अपने कंधो से उठाकर अधिक बलवान पर डाल देता है जो उससे अधिक योग्य है।
  3. Footnote जो यहोवा पर भरोसा रखता, वह धन्य होता है: “बुद्धिमानी से काम करना” उत्तम है, परन्तु परमेश्वर में भरोसा रखना अधिक उत्तम है। उपरोक्त बात के बिना पूर्वोक्त बात सम्भव नहीं।
  4. Footnote बुराई की युक्ति निकालता है: अधर्मी मनुष्य दूसरे को गिराने के लिये गड्ढा खोदता है।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.