Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

अय्यूब 28

“चाँदी की खानि तो होती है,

और सोने के लिये भी स्थान होता है जहाँ लोग जाते हैं।

लोहा मिट्टी में से निकाला जाता और पत्थर

पिघलाकर पीतल बनाया जाता है

मनुष्य अंधियारे को दूर कर,

दूर-दूर तक खोद-खोदकर,

अंधियारे और घोर अंधकार में पत्थर ढूँढ़ते हैं।

जहाँ लोग रहते हैं वहाँ से दूर वे खानि खोदते हैं

वहाँ पृथ्वी पर चलनेवालों के भूले-बिसरे हुए1

वे मनुष्यों से दूर लटके हुए झूलते रहते हैं।

यह भूमि जो है, इससे रोटी तो मिलती है2, परन्तु

उसके नीचे के स्थान मानो आग से उलट दिए जाते हैं।

उसके पत्थर नीलमणि का स्थान हैं,

और उसी में सोने की धूलि भी है।

“उसका मार्ग कोई माँसाहारी पक्षी नहीं जानता,

और किसी गिद्ध की दृष्टि उस पर नहीं पड़ी।

उस पर हिंसक पशुओं ने पाँव नहीं धरा,

और न उससे होकर कोई सिंह कभी गया है।

“वह चकमक के पत्थर पर हाथ लगाता,

और पहाड़ों को जड़ ही से उलट देता है।

वह चट्टान खोदकर नालियाँ बनाता,

और उसकी आँखों को हर एक अनमोल वस्तु दिखाई देती है3।

वह नदियों को ऐसा रोक देता है, कि उनसे एक बूँद भी पानी नहीं टपकता

और जो कुछ छिपा है उसे वह उजियाले में निकालता है।

“परन्तु बुद्धि कहाँ मिल सकती है?

और समझ का स्थान कहाँ है?

उसका मोल मनुष्य को मालूम नहीं,

जीवनलोक में वह कहीं नहीं मिलती!

अथाह सागर कहता है, ‘वह मुझ में नहीं है,’

और समुद्र भी कहता है, ‘वह मेरे पास नहीं है।’

शुद्ध सोने से वह मोल लिया नहीं जाता।

और न उसके दाम के लिये चाँदी तौली जाती है।

न तो उसके साथ ओपीर के कुन्दन की बराबरी हो सकती है;

और न अनमोल सुलैमानी पत्थर या नीलमणि की।

न सोना, न काँच उसके बराबर ठहर सकता है,

कुन्दन के गहने के बदले भी वह नहीं मिलती। (नीति. 8:10)

मूँगे और स्फटिकमणि की उसके आगे क्या चर्चा!

बुद्धि का मोल माणिक से भी अधिक है।

कूश देश के पद्मराग उसके तुल्य नहीं ठहर सकते;

और न उससे शुद्ध कुन्दन की बराबरी हो सकती है। (नीति. 8:19)

फिर बुद्धि कहाँ मिल सकती है?

और समझ का स्थान कहाँ?

वह सब प्राणियों की आँखों से छिपी है,

और आकाश के पक्षियों के देखने में नहीं आती।

विनाश और मृत्यु कहती हैं,

‘हमने उसकी चर्चा सुनी है।’ (प्रका. 9:11)

“परन्तु परमेश्वर उसका मार्ग समझता है,

और उसका स्थान उसको मालूम है।

वह तो पृथ्वी की छोर तक ताकता रहता है4,

और सारे आकाशमण्डल के तले देखता-भालता है। (भज. 11:4)

जब उसने वायु का तौल ठहराया,

और जल को नपुए में नापा,

और मेंह के लिये विधि

और गर्जन और बिजली के लिये मार्ग ठहराया,

तब उसने बुद्धि को देखकर उसका बखान भी किया,

और उसको सिद्ध करके उसका पूरा भेद बूझ लिया।

तब उसने मनुष्य से कहा,

‘देख, प्रभु का भय मानना यही बुद्धि है

और बुराई से दूर रहना यही समझ है।’” (व्यव. 4:6)

Source notes (4)
  1. Footnote वहाँ पृथ्वी पर चलनेवालों के भूले-बिसरे हुए वहाँ किसी के पांव नहीं पड़ते
  2. Footnote यह भूमि जो है, इससे रोटी तो मिलती है: अर्थात् यह भोजन उत्पन्न करती है या रोटी की सामग्री उपजाती है।
  3. Footnote उसकी आँखों को हर एक अनमोल वस्तु दिखाई देती है: चट्टानों में छिपे हुए सभी बहुमूल्य और मूल्यवान वस्तुएँ
  4. Footnote वह तो पृथ्वी की छोर तक ताकता रहता है: अर्थ परमेश्वर सब कुछ देखता और जानता है। सम्पूर्ण ब्रह्मांड उसकी दृष्टि में है। मनुष्य की दृष्टि मन्द है और वह किसी वस्तु का उद्देश्य समझाने में पूर्ण सक्षम नहीं है।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.