Skip to content
BibleKenya

Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि

जेफ़नयाह 2

जाति-जाति के लोगों के साथ यहूदाह और येरूशलेम का न्याय

यहूदाह को पश्चात्ताप करने के लिये आदेश

हे निर्लज्ज जाति के लोगों,

इकट्‍ठे हो, अपने आपको इकट्ठा करो,

इसके पहले कि परमेश्वर की आज्ञा प्रभावी हो

और हवा के द्वारा उड़ाए जानेवाली भूसी के समान वह दिन निकल जाए,

इसके पहले कि याहवेह का भयंकर क्रोध

तुम पर भड़के,

इसके पहले कि याहवेह के कोप का दिन

तुम पर आ जाए.

तुम सब, जो इस देश के नम्र लोग हो,

जो याहवेह की आज्ञा को मानते हो, याहवेह के खोज में रहो.

धर्मीपन के खोज में रहो, नम्र बनो;

शायद तुम्हें याहवेह के क्रोध के दिन में

शरण मिल जाए.

फिलिस्तिया

अज्जाह1 को पूरी तरह त्याग दिया जाएगा

और अश्कलोन तबाह हो जाएगा.

दिन-दोपहरी को अशदोदवासी निकाल दिये जाएंगे

और एक्रोन नगर को मिटा दिया जाएगा.

हे समुद्रतट पर रहनेवालो, तुम पर हाय,

हे केरेथियों द्वीप के लोगों, तुम पर हाय;

हे फिलिस्तीनियों के देश, कनान,

याहवेह का वचन तुम्हारे विरुद्ध है.

वह कहता है, “मैं तुम्हें नाश कर दूंगा,

कोई भी न बचेगा.”

समुद्र के किनारे की भूमि चरागाह होगी,

जहां चरवाहों के लिए कुएं

और पशुओं के लिये बाड़े होंगे.

वह देश यहूदाह के बचे लोगों

का देश होगा;

वहां उन्हें आहार मिलेगा.

संध्या के समय, वे लोग

अश्कलोन के घरों में आराम के लिये लेटेंगे.

क्योंकि याहवेह उनका परमेश्वर उनकी सुधि लेंगे;

वे उनकी समृद्धि को लौटा लाएंगे.

मोआब और अम्मोन

“मैंने मोआब के द्वारा कही गई अपमान की बातों

और अम्मोनियों के द्वारा कही गई निंदा की बातों को सुना है,

वे मेरे लोगों की बेइज्जती करते

और उनके देश को छीन लेने की धमकी देते हैं.

इसलिये, मेरे जीवन की शपथ,”

सर्वशक्तिमान याहवेह,

इस्राएल के परमेश्वर की घोषणा है,

“यह निश्चित है कि मोआब सोदोम के समान

और अम्मोनी अमोराह के समान हो जाएंगे—

ये घास-पात और नमक के गड्ढों की जगह हो जाएंगे,

और हमेशा के लिये उजड़ जाएंगे.

मेरे लोगों में से बचे हुए लोग उन्हें लूट लेंगे;

और मेरी जाति के जीवित बचे लोग उनके देश पर अधिकार कर लेंगे.”

उनका घमंड करने और सर्वशक्तिमान याहवेह के लोगों का

अपमान करने और हंसी उड़ाने का

उनको यह प्रतिफल मिलेगा.

याहवेह का भय उनमें समाएगा,

जब वह पृथ्वी के सब देवताओं को नाश कर देंगे.

दूर-दूर के जाति-जाति के सब लोग अपने-अपने देश में

याहवेह को झुककर दंडवत करेंगे.

कूश

“हे कूश देश निवासियो, तुम भी

मेरी तलवार से मारे जाओगे.”

अश्शूर

याहवेह उत्तर दिशा के विरुद्ध अपना हाथ बढ़ाएंगे

और अश्शूर को नाश कर देंगे,

और नीनवेह को पूरी तरह उजाड़

और मरुभूमि की तरह सूखा छोड़ देंगे.

पशु और पक्षी के झुंड

और सब प्रकार के जीव-जन्तु वहां आराम करेंगे.

उसके खंभों पर मरुस्थल उल्लू

और चीखनेवाला उल्लू बसेरा करेंगे.

खिड़कियों में से उन उल्लुओं की आवाज सुनाई देगी,

पत्थर के टुकड़ों से रास्ता भर जाएगा,

देवदार लकड़ी के बल्लों को खुला छोड़ दिया जाएगा.

यह उस चहल-पहल वाले शहर की स्थिति है

जो कभी सुरक्षित हुआ करती थी.

वह अपने आपसे कहती थी,

“मैं ही हूं! और मुझे छोड़ कोई दूसरा नहीं है.”

वह खंडहर मात्र रह गई है,

वन-पशुओं का एक मांद!

जो कोई इसके पास से गुज़रता है,

वह इसकी खिल्ली उड़ाता और अपना मुक्का तानता है.

Source notes (1)
  1. Footnote अज्जाह या गाज़ा

Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.