Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि
स्तोत्र 99
याहवेह शासक हैं,
राष्ट्र कांपते रहें;
उन्होंने अपना आसन करूबों के मध्य स्थापित किया है,
पृथ्वी कांप जाए.
ज़ियोन में याहवेह तेजस्वी हैं;
वह समस्त राष्ट्रों के ऊपर बसे हैं.
उपयुक्त है उनका आपके महान और भय-योग्य नाम की वंदना करना—
पवित्र हैं वह.
राजा शक्ति-सम्पन्न हैं, वह जो न्याय को प्रिय मानता है,
उन्होंने इस्राएल में समता की स्थापना की है;
जो न्याय संगत और उचित है.
याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा की जाए,
उनके चरणों में गिर आराधना की जाए;
वह पवित्र हैं.
मोशेह और अहरोन उनके पुरोहित थे,
शमुएल उनके आराधक थे;
ये सभी याहवेह को पुकारते थे
और वह उन्हें उत्तर देते थे.
मेघ-स्तंभ में से याहवेह ने उनसे वार्तालाप किया;
उन्होंने उनके अधिनियमों तथा उनके द्वारा सौंपे गए आदेशों का पालन किया.
याहवेह, हमारे परमेश्वर,
आप उन्हें उत्तर देते थे;
इस्राएल के लिए आप क्षमा शील परमेश्वर रहे,
यद्यपि आप उनके अपराधों का दंड देते रहे.
याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा को ऊंचा करो,
उनके पवित्र पर्वत पर उनकी आराधना करो,
क्योंकि पवित्र हैं हमारे याहवेह परमेश्वर.
Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.