Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि
स्तोत्र 80
संगीत निर्देशक के लिये. “वाचा की कुमुदिनी” धुन पर आधारित. आसफ की रचना. एक स्तोत्र.
इस्राएल के चरवाहे, हमारी सुनिए, आप ही हैं,
जो योसेफ़ की अगुवाई भेड़ों के वृन्द की रीति से करते हैं.
आप, जो करूबों के मध्य विराजमान हैं,
प्रकाशमान हों! एफ्राईम, बिन्यामिन तथा मनश्शेह
के सामने अपने सामर्थ्य को प्रगट कीजिए;
और हमारी रक्षा कीजिए.
परमेश्वर, हमें हमारी पूर्व स्थिति प्रदान कीजिए;
हम पर अपना मुख प्रकाशित कीजिए,
कि हमारा उद्धार हो जाए.
याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर,
कब तक आपकी प्रजा की प्रार्थनाओं के प्रति,
आपका कोप भीतर ही भीतर सुलगता रहेगा?
आपने आंसुओं को उनका आहार बना छोड़ा है;
आपने उन्हें विवश कर दिया है, कि वे कटोरे भर-भर आंसू पिएं.
आपने हमें अपने पड़ोसियों के लिए विवाद का कारण बना दिया है,
हमारे शत्रु हमारा उपहास करते हैं.
सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हमें हमारी पूर्व स्थिति प्रदान कर दीजिए;
हम पर अपना मुख प्रकाशित कीजिए,
कि हमारा उद्धार हो जाए.
मिस्र देश से आप एक द्राक्षालता ले आए;
आपने जनताओं को काटकर इसे वहां रोप दिया.
आपने इसके लिए भूमि तैयार की,
इस लता ने जड़ पकड़ी और इसने समस्त भूमि आच्छादित कर दी.
इसकी छाया ने तथा मजबूत देवदार की शाखाओं ने,
पर्वतों को ढंक लिया था.
वह अपनी शाखाएं समुद्र तक,
तथा किशलय नदी तक फैली हुई थी.
आपने इसकी सुरक्षा की दीवारें क्यों ढाह दीं,
कि आते जाते लोग इसके द्राक्षा तोड़ते जाएं?
जंगली सूअर इसे निगल जाते,
तथा मैदान के पशु इसे अपना आहार बनाते हैं.
सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हम आग्रह करते हैं, आप लौट आइए!
स्वर्ग से दृष्टिपात कीजिए!
और इस ओर ध्यान दीजिए,
और इस द्राक्षालता की हां उस पौधे की जिसे आपके दायें हाथ ने लगाया है,
तथा उस पुत्र को देखिए, जिसे आपने स्वयं सशक्त बनाया है.
आपकी इस द्राक्षालता को काट डाला गया है, इसे अग्नि में भस्म कर दिया गया है;
आपकी फटकार-मात्र आपकी प्रजा को नष्ट करने के लिए काफ़ी है.
उस पुरुष पर आपके दायें हाथ का आश्वासन स्थिर रहे, जो आपके दायें पक्ष में उपस्थित है,
वह मनुष्य का पुत्र जिसे आपने अपने लिए तैयार किया है.
तब हम आपसे दूर न होंगे;
हमें जिलाइए, हम आपके ही नाम को पुकारेंगे.
याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर, हमें पुनर्स्थापित कीजिए;
अपना मुख हम पर प्रकाशित कीजिए
कि हम सुरक्षित रहेंगे.
Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.