Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि
स्तोत्र 47
संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. एक स्तोत्र.
समस्त राष्ट्रो, तालियां बजाओ;
हर्षोल्लास में परमेश्वर का जय जयकार करो.
याहवेह, सर्वोच्च परमेश्वर भय-योग्य हैं,
वही समस्त पृथ्वी के ऊपर पराक्रमी राजा हैं.
उन्हीं ने जनताओं को हमारे अधीन कर दिया है,
लोग हमारे पैरों के नीचे हो गए हैं.
उन्हीं ने हमारे लिए निज भाग को निर्धारित किया है,
यही याकोब का गौरव है, जो उनका प्रिय है.
जय जयकार की ध्वनि के मध्य से परमेश्वर ऊपर उठाए गए,
तुरही नाद के मध्य याहवेह ऊपर उठाए गए.
स्तुति गान में परमेश्वर की वंदना करो, वंदना करो;
स्तुति गान में हमारे राजाधिराज की वंदना करो, वंदना करो.
परमेश्वर संपूर्ण पृथ्वी के राजाधिराज हैं;
उनके सम्मान में एक स्तवन गीत प्रस्तुत करो.
संपूर्ण राष्ट्रों पर परमेश्वर का शासन है;
परमेश्वर अपने महान सिंहासन पर विराजमान हैं.
अब्राहाम के परमेश्वर की प्रजा के रूप में
जनताओं के अध्यक्ष एकत्र हुए हैं,
क्योंकि पृथ्वी की ढालों पर परमेश्वर का अधिकार है;
परमेश्वर अत्यंत ऊंचे हैं.
Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.