Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि
स्तोत्र 4
संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद का एक स्तोत्र.
हे मेरे धर्ममय परमेश्वर,
जब मैं पुकारूं, मुझे उत्तर दें!
आपने मेरे संकट के समय मेरी सहायता की;
अब अपने अनुग्रह में मेरी प्रार्थना का उत्तर दें.
मनुष्यो! कब तक तुम मेरा अपमान करते रहोगे?
कब तक तुम छल से प्रेम और उसकी खोज करते रहोगे, जो निरर्थक है, जो मात्र झूठी ही है?
यह स्मरण रखो कि याहवेह ने अपने भक्त को अपने निमित्त अलग कर रखा है;
जब मैं पुकारूं याहवेह मेरी सुनेंगे.
श्रद्धा में पाप का परित्याग कर दो;
शांत हो जाओ,
बिछौने पर लेटे हुए आत्म-परीक्षण करो.
व्यवस्था द्वारा निर्धारित बलि अर्पण करो
और याहवेह पर भरोसा करो.
अनेक हैं, जो कहते हैं, “कौन है, जो हमें यह दर्शाएगा कि क्या है उपयुक्त और क्या है भला?”
याहवेह, हम पर अपने मुख का प्रकाश चमकाएं.
जिन्हें अन्न और दाखमधु की बड़ी उपज प्राप्त हुई है,
उनसे भी अधिक आनंद से आपने मेरे हृदय भर दिया है.
मैं शांतिपूर्वक लेटूंगा और सो जाऊंगा,
क्योंकि याहवेह, मात्र आप ही मुझे,
सुरक्षापूर्ण विश्राम प्रदान करते हैं.
Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.