Skip to content
BibleKenya

Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि

अय्योब 41

“क्या तुम लिवयाथान1 को मछली पकड़ने की अंकुड़ी से खींच सकोगे?

अथवा क्या तुम उसकी जीभ को किसी डोर से बांध सको?

क्या उसकी नाक में रस्सी बांधना तुम्हारे लिए संभव है,

अथवा क्या तुम अंकुड़ी के लिए उसके जबड़े में छेद कर सकते हो?

क्या वह तुमसे कृपा की याचना करेगा?

क्या वह तुमसे शालीनतापूर्वक विनय करेगा?

क्या वह तुमसे वाचा स्थापित करेगा?

क्या तुम उसे जीवन भर अपना दास बनाने का प्रयास करोगे?

क्या तुम उसके साथ उसी रीति से खेल सकोगे जैसे किसी पक्षी से?

अथवा उसे अपनी युवतियों के लिए बांधकर रख सकोगे?

क्या व्यापारी उसके लिए विनिमय करना चाहेंगे?

क्या व्यापारी अपने लिए परस्पर उसका विभाजन कर सकेंगे?

क्या तुम उसकी खाल को बर्छी से बेध सकते हो

अथवा उसके सिर को भाले से नष्ट कर सकते हो?

बस, एक ही बार उस पर अपना हाथ रखकर देखो, दूसरी बार तुम्हें यह करने का साहस न होगा.

उसके साथ का संघर्ष तुम्हारे लिए अविस्मरणीय रहेगा.

व्यर्थ है तुम्हारी यह अपेक्षा, कि तुम उसे अपने अधिकार में कर लोगे;

तुम तो उसके सामने आते ही गिर जाओगे.

कोई भी उसे उकसाने का ढाढस नहीं कर सकता.

तब कौन करेगा उसका सामना?

उस पर आक्रमण करने के बाद कौन सुरक्षित रह सकता है?

आकाश के नीचे की हर एक वस्तु मेरी ही है.

“उसके अंगों का वर्णन न करने के विषय में मैं चुप रहूंगा,

न ही उसकी बड़ी शक्ति तथा उसके सुंदर देह का.

कौन उसके बाह्य आवरण को उतार सकता है?

कौन इसके लिए साहस करेगा कि उसमें बागडोर डाल सके?

कौन उसके मुख के द्वार खोलने में समर्थ होगा,

जो उसके भयावह दांतों से घिरा है?

उसकी पीठ पर ढालें पंक्तिबद्ध रूप से बिछी हुई हैं

और ये अत्यंत दृढतापूर्वक वहां लगी हुई हैं;

वे इस रीति से एक दूसरे से सटी हुई हैं,

कि इनमें से वायु तक नहीं निकल सकती.

वे सभी एक दूसरे से जुड़ी हुई हैं उन्होंने एक दूसरे को ऐसा जकड़ रखा है;

कि इन्हें तोड़ा नहीं जा सकता.

उसकी छींक तो आग की लपटें प्रक्षेपित कर देती है;

तथा उसके नेत्र उषाकिरण समान दिखते हैं.

उसके मुख से ज्वलंत मशालें प्रकट रहती;

तथा इनके साथ चिंगारियां भी झड़ती रहती हैं.

उसके नाक से धुआं उठता रहता है, मानो किसी उबलते पात्र से,

जो जलते हुए सरकंडों के ऊपर रखा हुआ है.

उसकी श्वास कोयलों को प्रज्वलित कर देती,

उसके मुख से अग्निशिखा निकलती रहती है.

उसके गर्दन में शक्ति का निवास है,

तो उसके आगे-आगे निराशा बढ़ती जाती है.

उसकी मांसपेशियां

उसकी देह पर अचल एवं दृढ़,

और उसका हृदय तो पत्थर समान कठोर है!

हां! चक्की के निचले पाट के पत्थर समान!

जब-जब वह उठकर खड़ा होता है, शूरवीर भयभीत हो जाते हैं.

उसके प्रहार के भय से वे पीछे हट जाते हैं.

उस पर जिस किसी तलवार से प्रहार किया जाता है, वह प्रभावहीन रह जाती है,

वैसे ही उस पर बर्छी, भाले तथा बाण भी.

उसके सामने लौह भूसा समान होता है,

तथा कांसा सड़ रहे लकड़ी के समान.

बाण का भय उसे भगा नहीं सकता.

गोफन प्रक्षेपित पत्थर तो उसके सामने काटी उपज के ठूंठ प्रहार समान होता है.

लाठी का प्रहार भी ठूंठ के प्रहार समान होता है,

वह तो बर्छी की ध्वनि सुन हंसने लगता है.

उसके पेट पर जो झुरिया हैं, वे मिट्टी के टूटे ठीकरे समान हैं.

कीचड़ पर चलते हुए वह ऐसा लगता है, मानो वह अनाज कुटने का पट्टा समान चिन्ह छोड़ रहा है.

उसके प्रभाव से महासागर जल, ऐसा दिखता है मानो हांड़ी में उफान आ गया हो.

तब सागर ऐसा हो जाता, मानो वह मरहम का पात्र हो.

वह अपने पीछे एक चमकीली लकीर छोड़ता जाता है यह दृश्य ऐसा हो जाता है,

मानो यह किसी वृद्ध का सिर है.

पृथ्वी पर उसके जैसा कुछ भी नहीं है;

एकमात्र निर्भीक रचना!

उसके आंकलन में सर्वोच्च रचनाएं भी नगण्य हैं;

वह समस्त अहंकारियों का राजा है.”

Source notes (1)
  1. Footnote लिवयाथान यह बड़ा मगरमच्छ हो सकता है

Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.