Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि
येरेमियाह 47
फिलिस्तिया से संबंधित नबूवत
इसके पूर्व कि फ़रोह अज्जाह को पराजित करता, भविष्यद्वक्ता येरेमियाह को फिलिस्तीनियों से संबंधित यह संदेश प्राप्त हुआ:
यह याहवेह का संदेश है:
“यह देखना कि उत्तर से जल स्तर ऊंचा होने लगेगा;
और यह बढ़कर प्रचंड प्रवाह में परिवर्तित हो जाएगा.
यह संपूर्ण भूमि को आच्छादित कर लेगा वह सब भी जो भूमि के ऊपर है,
नगर को तथा नगरवासियों को भी.
पुरुष चिल्लायेंगे;
तथा देश का हर एक निवासी विलाप करेगा.
घोड़ों की टापों की ध्वनि के कारण,
उसके रथों की आवाज सुनकर,
उनके पहियों की गड़गड़ाहट के कारण.
पिता मुड़कर अपने बालकों को देखेंगे;
क्योंकि उनके हाथ ढीले हो चुके हैं.
यह इसलिये कि सारे फिलिस्तीनियों के विनाश का
तथा सोर और सीदोन में
हर एक शेष रह गए सहायक को
नष्ट करने का दिन आया है.
स्वयं याहवेह ही फिलिस्तीनियों तथा काफ़तोर के तटवर्ती
क्षेत्रों के बचे हुए लोगों को नष्ट करने के लिए तैयार हैं.
अज्जाह को सिर मुंडाना पड़ा है;
अश्कलोन नष्ट किया जा चुका है.
उनकी घाटी के बचे हुए लोगो,
तुम कब तक अपनी देह को घायल करते रहोगे?
“ ‘आह, याहवेह की तलवार,
और कब तक प्रतीक्षा की जाए तुम्हारे शांत होने की?
अब तो अपनी म्यान में जा बैठो;
विश्राम करो और चुपचाप रहो.’
यह शांत रह भी कैसे सकती है
जब इसे आदेश ही याहवेह ने दिया है,
उसे अश्कलोन तथा समुद्रतट के
क्षेत्रों के विरुद्ध ही नियत किया गया है?”
Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.