Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

श्रेष्ठगीत 8

भला होता कि तू मेरे भाई के समान होता,

जिसने मेरी माता की छातियों से दूध पिया!

तब मैं तुझे बाहर पाकर तेरा चुम्बन लेती,

और कोई मेरी निन्दा न करता।

मैं तुझको अपनी माता के घर ले चलती,

और वह मुझ को सिखाती,

और मैं तुझे मसाला मिला हुआ दाखमधु,

और अपने अनारों का रस पिलाती।

काश, उसका बायाँ हाथ मेरे सिर के नीचे होता,

और अपने दाहिने हाथ से वह मेरा आलिंगन करता!

हे यरूशलेम की पुत्रियों, मैं तुम को शपथ धराती हूँ,

कि तुम मेरे प्रेमी को न जगाना

जब तक वह स्वयं न उठना चाहे।

छठा गीत

सहेलियाँ

यह कौन है जो अपने प्रेमी पर टेक लगाए हुए

जंगल से चली आती है?

वधू

सेब के पेड़ के नीचे मैंने तुझे जगाया।

वहाँ तेरी माता ने तुझे जन्म दिया1

वहाँ तेरी माता को पीड़ाएँ उठी।

मुझे नगीने के समान अपने हृदय पर लगा रख,

और ताबीज़ की समान अपनी बाँह पर रख;

क्योंकि प्रेम मृत्यु के तुल्य सामर्थी है,

और ईर्ष्या कब्र के समान निर्दयी है।

उसकी ज्वाला अग्नि की दमक है

वरन् परमेश्वर ही की ज्वाला है। (यशा. 49:16)

पानी की बाढ़ से भी प्रेम नहीं बुझ सकता,

और न महानदों से डूब सकता है।

यदि कोई अपने घर की सारी सम्पत्ति प्रेम के

बदले दे दे तो भी वह अत्यन्त तुच्छ ठहरेगी।

वधू का भाई

हमारी एक छोटी बहन है,

जिसकी छातियाँ अभी नहीं उभरीं।

जिस दिन हमारी बहन के ब्याह की बात लगे,

उस दिन हम उसके लिये क्या करें?

यदि वह शहरपनाह होती

तो हम उस पर चाँदी का कंगूरा बनाते;

और यदि वह फाटक का किवाड़ होती,

तो हम उस पर देवदार की लकड़ी के पटरे लगाते।

वधू

मैं शहरपनाह थी और मेरी छातियाँ उसके गुम्मट;

तब मैं अपने प्रेमी की दृष्टि में शान्ति लानेवाले के समान थी2। (भज. 45:11)

वर

बाल्हामोन में सुलैमान की एक दाख की बारी थी;

उसने वह दाख की बारी रखवालों को सौंप दी;

हर एक रखवाले को उसके फलों के लिये

चाँदी के हजार-हजार टुकड़े देने थे। (मत्ती 21:33)

मेरी निज दाख की बारी मेरे ही लिये है;

हे सुलैमान, हजार तुझी को

और फल के रखवालों को दो सौ मिलें।

तू जो बारियों में रहती है,

मेरे मित्र तेरा बोल सुनना चाहते हैं;

उसे मुझे भी सुनने दे।

वधू

हे मेरे प्रेमी, शीघ्रता कर,

और सुगन्ध-द्रव्यों के पहाड़ों पर

चिकारे या जवान हिरन के समान बन जा।

Source notes (2)
  1. Footnote वहाँ तेरी माता ने तुझे जन्म दिया: अब दृश्य यरूशलेम से हटकर वधू के जन्म स्थान पर आता है जहाँ वह अपनी माता के घर की ओर आती दिखाई देती है। वह महान राजा के कंधे पर झुकी हुई है।
  2. Footnote तब मैं अपने प्रेमी की दृष्टि में शान्ति लानेवाले के समान थी: इब्रानी भाषा की एक कहावत जिसका अर्थ है कि मेरा प्रेमी मुझे पूर्ण व्यस्क समझता है

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.