Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

श्रेष्ठगीत 1

श्रेष्ठगीत जो सुलैमान का है। (1 राजा. 4:32)

पहला गीत

वधू

तू अपने मुँह के चुम्बनों से मुझे चूमे!

क्योंकि तेरा प्रेम दाखमधु से उत्तम है,

तेरे भाँति-भाँति के इत्रों का सुगन्ध उत्तम है,

तेरा नाम उण्डेले हुए इत्र के तुल्य है;

इसलिए कुमारियाँ तुझ से प्रेम रखती हैं

मुझे खींच ले; हम तेरे पीछे दौड़ेंगे।

राजा मुझे अपने महल में ले आया है।

हम तुझ में मगन और आनन्दित होंगे;

हम दाखमधु से अधिक तेरे प्रेम की चर्चा करेंगे;

वे ठीक ही तुझ से प्रेम रखती हैं। (होशे 11:4, फिलि. 3:1-12, भज. 45:14)

हे यरूशलेम की पुत्रियों,

मैं काली तो हूँ परन्तु सुन्दर हूँ,

केदार के तम्बुओं के

और सुलैमान के पर्दों के तुल्य हूँ।

मुझे इसलिए न घूर कि मैं साँवली हूँ,

क्योंकि मैं धूप से झुलस गई।

मेरी माता के पुत्र मुझसे अप्रसन्न थे,

उन्होंने मुझ को दाख की बारियों की रखवालिन बनाया;

परन्तु मैंने अपनी निज दाख की बारी1 की रखवाली नहीं की!

हे मेरे प्राणप्रिय मुझे बता,

तू अपनी भेड़-बकरियाँ कहाँ चराता है,

दोपहर को तू उन्हें कहाँ बैठाता है;

मैं क्यों तेरे संगियों की भेड़-बकरियों के पास

घूँघट काढ़े हुए भटकती फिरूँ?

प्रियतमा की याचना

वर

हे स्त्रियों में सुन्दरी, यदि तू यह न जानती हो

तो भेड़-बकरियों के खुरों के चिन्हों पर चल2

और चरावाहों के तम्बुओं के पास, अपनी बकरियों के बच्चों को चरा।

हे मेरी प्रिय मैंने तेरी तुलना

फ़िरौन के रथों में जुती हुई घोड़ी से की है। (2 इति. 1:16)

तेरे गाल केशों के लटों के बीच क्या ही सुन्दर हैं,

और तेरा कण्ठ हीरों की लड़ियों के बीच।

वधू

हम तेरे लिये चाँदी के फूलदार सोने के आभूषण बनाएँगे।

जब राजा अपनी मेज के पास बैठा था

मेरी जटामासी की सुगन्ध फैल रही थी।

मेरा प्रेमी मेरे लिये लोबान की थैली के समान है

जो मेरी छातियों के बीच में पड़ी रहती है।

मेरा प्रेमी मेरे लिये मेंहदी के फूलों के गुच्छे के समान है,

जो एनगदी की दाख की बारियों में होता है।

वर

तू सुन्दरी है, हे मेरी प्रिय, तू सुन्दरी है;

तेरी आँखें कबूतरी की सी हैं।

वधू

हे मेरे प्रिय तू सुन्दर और मनभावना है

और हमारा बिछौना भी हरा है;

हमारे घर के धरन देवदार हैं

और हमारी छत की कड़ियाँ सनोवर हैं।

Source notes (2)
  1. Footnote अपनी निज दाख की बारी: यह उसकी और से उसकी सुन्दरता की उपमा है।
  2. Footnote भेड़-बकरियों के खुरों के चिन्हों पर चल: अर्थात् यदि तेरा प्रियतम वास्तव में चरवाहा है तो उसे चरवाहों में खोज परन्तु यदि वह राजा है तो वह राजसी महल में पाया जाएगा।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.