Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

भजन संहिता 8

परमेश्वर की महिमा और मनुष्य का गौरव

प्रधान बजानेवाले के लिये गित्तीत की राग पर दाऊद का भजन

हे यहोवा हमारे प्रभु, तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है!

तूने अपना वैभव स्वर्ग पर दिखाया है।

तूने अपने बैरियों के कारण बच्चों और शिशुओं के द्वारा अपनी प्रशंसा की है,

ताकि तू शत्रु और पलटा लेनेवालों को रोक रखे। (मत्ती 21:16)

जब मैं आकाश को, जो तेरे हाथों का कार्य है,

और चन्द्रमा और तरागण को जो तूने नियुक्त किए हैं, देखता हूँ;

तो फिर मनुष्य क्या है1 कि तू उसका स्मरण रखे,

और आदमी क्या है कि तू उसकी सुधि ले?

क्योंकि तूने उसको परमेश्वर से थोड़ा ही कम बनाया है,

और महिमा और प्रताप का मुकुट उसके सिर पर रखा है।

तूने उसे अपने हाथों के कार्यों पर प्रभुता दी है;

तूने उसके पाँव तले सब कुछ कर दिया है2। (1 कुरि. 15:27, इफि. 1:22, इब्रा. 2:6-8, प्रेरि. 17:31)

सब भेड़-बकरी और गाय-बैल

और जितने वन पशु हैं,

आकाश के पक्षी और समुद्र की मछलियाँ,

और जितने जीव-जन्तु समुद्रों में चलते फिरते हैं।

हे यहोवा, हे हमारे प्रभु,

तेरा नाम सारी पृथ्वी पर क्या ही प्रतापमय है।

Source notes (2)
  1. Footnote तो फिर मनुष्य क्या है: मनुष्य कैसा महत्वहीन है, उसका जीवन भाप के समान है वह अति शीघ्र विलोप हो जाता है वह अति पापी और अशुद्ध है कि ऐसा प्रश्न किया जाए।
  2. Footnote तूने उसके पाँव तले सब कुछ कर दिया है: यहाँ विचार पूर्ण एवं समग्र अधीनता का है। मनुष्य की सृष्टि के समय उसे ऐसी प्रभुता दी गई थी और अब भी है।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.