Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

भजन संहिता 41

धर्मी जन की पीड़ा और आशीर्वाद

प्रधान बजानेवाले के लिये दाऊद का भजन

क्या ही धन्य है वह, जो कंगाल की सुधि रखता है!

विपत्ति के दिन यहोवा उसको बचाएगा।

यहोवा उसकी रक्षा करके उसको जीवित रखेगा,

और वह पृथ्वी पर धन्य होगा।

तू उसको शत्रुओं की इच्छा पर न छोड़।

जब वह व्याधि के मारे शय्या पर पड़ा हो1,

तब यहोवा उसे सम्भालेगा;

तू रोग में उसके पूरे बिछौने को उलटकर ठीक करेगा।

मैंने कहा, “हे यहोवा, मुझ पर दया कर;

मुझ को चंगा कर,

क्योंकि मैंने तो तेरे विरुद्ध पाप किया है!”

मेरे शत्रु यह कहकर मेरी बुराई करते हैं

“वह कब मरेगा, और उसका नाम कब मिटेगा?”

और जब वह मुझसे मिलने को आता है,

तब वह व्यर्थ बातें बकता है,

जबकि उसका मन अपने अन्दर अधर्म की बातें संचय करता है;

और बाहर जाकर उनकी चर्चा करता है।

मेरे सब बैरी मिलकर मेरे विरुद्ध कानाफूसी करते हैं;

वे मेरे विरुद्ध होकर मेरी हानि की कल्पना करते हैं।

वे कहते हैं कि इसे तो कोई बुरा रोग लग गया है;

अब जो यह पड़ा है, तो फिर कभी उठने का नहीं2।

मेरा परम मित्र जिस पर मैं भरोसा रखता था,

जो मेरी रोटी खाता था,

उसने भी मेरे विरुद्ध लात उठाई है। (2 शमू. 15:12, यूह. 13:18, प्रेरि. 1:16)

परन्तु हे यहोवा, तू मुझ पर दया करके

मुझ को उठा ले कि मैं उनको बदला दूँ।

मेरा शत्रु जो मुझ पर जयवन्त नहीं हो पाता,

इससे मैंने जान लिया है कि तू मुझसे प्रसन्न है।

और मुझे तो तू खराई से सम्भालता,

और सर्वदा के लिये अपने सम्मुख स्थिर करता है।

इस्राएल का परमेश्वर यहोवा

आदि से अनन्तकाल तक धन्य है

आमीन, फिर आमीन। (लूका 1:68, भज. 106:48)

Source notes (2)
  1. Footnote जब वह व्याधि के मारे शय्या पर पड़ा हो: कहने का अर्थ है कि परमेश्वर उसे रोग सहन की क्षमता देगा, या उसकी देह के दुर्बल होने के उपरान्त भी वह उसे शक्ति देगा, आन्तरिक शक्ति।
  2. Footnote अब जो यह पड़ा है, तो फिर कभी उठने का नहीं: अब कोई आशा नहीं, इसके फिर उठ खड़े होने की तो सम्भावना ही नहीं है।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.