इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019
भजन संहिता 36
परमेश्वर का प्रेम और मनुष्य की दुष्टता
प्रधान बजानेवाले के लिये यहोवा के दास दाऊद का भजन
दुष्ट जन का अपराध उसके हृदय के भीतर कहता है;
परमेश्वर का भय उसकी दृष्टि में नहीं है। (रोम. 3:18)
वह अपने अधर्म के प्रगट होने
और घृणित ठहरने के विषय
अपने मन में चिकनी चुपड़ी बातें विचारता है।
उसकी बातें अनर्थ और छल की हैं;
उसने बुद्धि और भलाई के काम करने से
हाथ उठाया है।
वह अपने बिछौने पर पड़े-पड़े
अनर्थ की कल्पना करता है1;
वह अपने कुमार्ग पर दृढ़ता से बना रहता है;
बुराई से वह हाथ नहीं उठाता।
हे यहोवा, तेरी करुणा स्वर्ग में है,
तेरी सच्चाई आकाशमण्डल तक पहुँची है।
तेरा धर्म ऊँचे पर्वतों के समान है,
तेरा न्याय अथाह सागर के समान हैं;
हे यहोवा, तू मनुष्य और पशु दोनों की
रक्षा करता है।
हे परमेश्वर, तेरी करुणा कैसी अनमोल है!
मनुष्य तेरे पंखो के तले शरण लेते हैं।
वे तेरे भवन के भोजन की
बहुतायत से तृप्त होंगे,
और तू अपनी सुख की नदी
में से उन्हें पिलाएगा।
क्योंकि जीवन का सोता तेरे ही पास है2;
तेरे प्रकाश के द्वारा हम प्रकाश पाएँगे। (यहू. 4:10,14, प्रका. 21:6)
अपने जाननेवालों पर करुणा करता रह,
और अपने धर्म के काम सीधे
मनवालों में करता रह!
अहंकारी मुझ पर लात उठाने न पाए,
और न दुष्ट अपने हाथ के
बल से मुझे भगाने पाए।
वहाँ अनर्थकारी गिर पड़े हैं;
वे ढकेल दिए गए, और फिर उठ न सकेंगे।
Source notes (2)
- Footnote वह अपने बिछौने पर पड़े-पड़े अनर्थ की कल्पना करता है: जब वह सोने जाता है और उसे नींद नहीं आती तब वह अनर्थ की योजना बनाता है।
- Footnote जीवन का सोता तेरे ही पास है: सोता या स्रोत जहाँ से सम्पूर्ण जीवन प्रवाहित होता है। सब जीवित प्राणी उससे जीवन पाते हैं।
इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.