Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

भजन संहिता 32

क्षमा प्राप्ति की आशीष

दाऊद का भजन मश्कील

क्या ही धन्य है वह जिसका अपराध

क्षमा किया गया,

और जिसका पाप ढाँपा गया हो1। (रोम. 4:7)

क्या ही धन्य है वह मनुष्य जिसके अधर्म

का यहोवा लेखा न ले,

और जिसकी आत्मा में कपट न हो। (रोम. 4:8)

जब मैं चुप रहा

तब दिन भर कराहते-कराहते मेरी हड्डियाँ

पिघल गई।

क्योंकि रात-दिन मैं तेरे हाथ के नीचे दबा रहा;

और मेरी तरावट धूपकाल की सी झुर्राहट

बनती गई। (सेला)

जब मैंने अपना पाप तुझ पर प्रगट किया

और अपना अधर्म न छिपाया,

और कहा, “मैं यहोवा के सामने अपने अपराधों को मान लूँगा;”

तब तूने मेरे अधर्म और पाप को क्षमा कर दिया। (सेला) (1 यूह. 1:9)

इस कारण हर एक भक्त तुझ से ऐसे समय

में प्रार्थना करे जबकि तू मिल सकता है2।

निश्चय जब जल की बड़ी बाढ़ आए तो भी

उस भक्त के पास न पहुँचेगी।

तू मेरे छिपने का स्थान है;

तू संकट से मेरी रक्षा करेगा;

तू मुझे चारों ओर से छुटकारे के गीतों से घेर

लेगा। (सेला)

मैं तुझे बुद्धि दूँगा, और जिस मार्ग में तुझे

चलना होगा उसमें तेरी अगुआई करूँगा;

मैं तुझ पर कृपादृष्टि रखूँगा

और सम्मति दिया करूँगा।

तुम घोड़े और खच्चर के समान न बनो जो समझ नहीं रखते,

उनकी उमंग लगाम और रास से रोकनी पड़ती है,

नहीं तो वे तेरे वश में नहीं आने के।

दुष्ट को तो बहुत पीड़ा होगी;

परन्तु जो यहोवा पर भरोसा रखता है

वह करुणा से घिरा रहेगा।

हे धर्मियों यहोवा के कारण आनन्दित

और मगन हो, और हे सब सीधे मनवालों

आनन्द से जयजयकार करो!

Source notes (2)
  1. Footnote जिसका पाप ढाँपा गया हो: ढाँक दिया गया अर्थात् छिपाया गया या गुप्त रखा गया दूसरे शब्दों में ऐसा ढाँका गया कि दिखाई नहीं देगा।
  2. Footnote में प्रार्थना करे जबकि तू मिल सकता है: अर्थात् वे उसे दया या अनुग्रह का समय देखेंगे।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.