इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019
भजन संहिता 3
संकट के समय आत्म-विश्वास
दाऊद का भजन। जब वह अपने पुत्र अबशालोम के सामने से भागा जाता था
हे यहोवा मेरे सतानेवाले कितने बढ़ गए हैं!
वे जो मेरे विरुद्ध उठते हैं बहुत हैं।
बहुत से मेरे विषय में कहते हैं,
कि उसका बचाव परमेश्वर की ओर से नहीं हो सकता1। (सेला)
परन्तु हे यहोवा, तू तो मेरे चारों ओर मेरी ढाल है,
तू मेरी महिमा और मेरे मस्तक का ऊँचा करनेवाला है2।
मैं ऊँचे शब्द से यहोवा को पुकारता हूँ,
और वह अपने पवित्र पर्वत पर से मुझे उत्तर देता है। (सेला)
मैं लेटकर सो गया;
फिर जाग उठा, क्योंकि यहोवा मुझे सम्भालता है।
मैं उस भीड़ से नहीं डरता,
जो मेरे विरुद्ध चारों ओर पाँति बाँधे खड़े हैं।
उठ, हे यहोवा! हे मेरे परमेश्वर मुझे बचा ले!
क्योंकि तूने मेरे सब शत्रुओं के जबड़ों पर मारा है।
और तूने दुष्टों के दाँत तोड़ डाले हैं।
उद्धार यहोवा ही की ओर से होता है3;
हे यहोवा तेरी आशीष तेरी प्रजा पर हो।
Source notes (3)
- Footnote उसका बचाव परमेश्वर की ओर से नहीं हो सकता: वह पूर्णतः त्यागा हुआ है उसमें आत्मरक्षा का सामर्थ्य नहीं है और परमेश्वर हस्तक्षेप करके उसे बचाने की इच्छा नहीं रखता है।
- Footnote मेरे मस्तक का ऊँचा करनेवाला है: परेशानियों और दुःख में सिर अपने आप ही झुक जाता है जैसे कि कष्टों के बोझ से दब गया हो।
- Footnote उद्धार यहोवा ही की ओर से होता है: केवल परमेश्वर ही है जो बचा लेता है।
इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.