Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

भजन संहिता 136

परमेश्वर की करुणा सदा की है

यहोवा का धन्यवाद करो,

क्योंकि वह भला है,

और उसकी करुणा सदा की है।

जो ईश्वरों का परमेश्वर है, उसका धन्यवाद करो,

उसकी करुणा सदा की है।

जो प्रभुओं का प्रभु है, उसका धन्यवाद करो,

उसकी करुणा सदा की है।

उसको छोड़कर कोई बड़े-बड़े आश्चर्यकर्म नहीं करता,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने अपनी बुद्धि से आकाश बनाया,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने पृथ्वी को जल के ऊपर फैलाया है,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने बड़ी-बड़ी ज्योतियाँ बनाईं,

उसकी करुणा सदा की है।

दिन पर प्रभुता करने के लिये सूर्य को बनाया,

उसकी करुणा सदा की है।

और रात पर प्रभुता करने के लिये चन्द्रमा और तारागण को बनाया,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने मिस्रियों के पहिलौठों को मारा,

उसकी करुणा सदा की है।

और उनके बीच से इस्राएलियों को निकाला,

उसकी करुणा सदा की है।

बलवन्त हाथ और बढ़ाई हुई भुजा से निकाल लाया,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने लाल समुद्र को विभाजित कर दिया,

उसकी करुणा सदा की है।

और इस्राएल को उसके बीच से पार कर दिया,

उसकी करुणा सदा की है;

और फ़िरौन को उसकी सेना समेत लाल समुद्र में डाल दिया,

उसकी करुणा सदा की है।

वह अपनी प्रजा को जंगल में ले चला,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने बड़े-बड़े राजा मारे,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने प्रतापी राजाओं को भी मारा,

उसकी करुणा सदा की है;

एमोरियों के राजा सीहोन को,

उसकी करुणा सदा की है;

और बाशान के राजा ओग को घात किया,

उसकी करुणा सदा की है।

और उनके देश को भाग होने के लिये,

उसकी करुणा सदा की है;

अपने दास इस्राएलियों के भाग होने के लिये दे दिया,

उसकी करुणा सदा की है।

उसने हमारी दुर्दशा में हमारी सुधि ली1,

उसकी करुणा सदा की है;

और हमको द्रोहियों से छुड़ाया है,

उसकी करुणा सदा की है।

वह सब प्राणियों को आहार देता है2,

उसकी करुणा सदा की है।

स्वर्ग के परमेश्वर का धन्यवाद करो,

उसकी करुणा सदा की है।

Source notes (2)
  1. Footnote उसने हमारी दुर्दशा में हमारी सुधि ली: जब हम अल्पसंख्यक थे, जब दुर्बल जाति थे, जब हम महाशक्तियों से युद्ध करने योग्य नहीं थे।
  2. Footnote वह सब प्राणियों को आहार देता है: सब प्राणियों को आकाश पृथ्वी और जल के।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.