Skip to content
BibleKenya

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019

अय्यूब 9

अय्यूब का बिल्दद को उत्तर

तब अय्यूब ने कहा,

“मैं निश्चय जानता हूँ कि बात ऐसी ही है;

परन्तु मनुष्य परमेश्वर की दृष्टि में कैसे धर्मी ठहर सकता है1?

चाहे वह उससे मुकद्दमा लड़ना भी चाहे

तो भी मनुष्य हजार बातों में से एक का भी उत्तर न दे सकेगा।

परमेश्वर बुद्धिमान और अति सामर्थी है:

उसके विरोध में हठ करके कौन कभी प्रबल हुआ है?

वह तो पर्वतों को अचानक हटा देता है2

और उन्हें पता भी नहीं लगता, वह क्रोध में आकर उन्हें उलट-पुलट कर देता है।

वह पृथ्वी को हिलाकर उसके स्थान से अलग करता है,

और उसके खम्भे काँपने लगते हैं।

उसकी आज्ञा बिना सूर्य उदय होता ही नहीं;

और वह तारों पर मुहर लगाता है;

वह आकाशमण्डल को अकेला ही फैलाता है,

और समुद्र की ऊँची-ऊँची लहरों पर चलता है;

वह सप्तर्षि, मृगशिरा और कचपचिया और

दक्षिण के नक्षत्रों का बनानेवाला है।

वह तो ऐसे बड़े कर्म करता है, जिनकी थाह नहीं लगती;

और इतने आश्चर्यकर्म करता है, जो गिने नहीं जा सकते।

देखो, वह मेरे सामने से होकर तो चलता है

परन्तु मुझ को नहीं दिखाई पड़ता;

और आगे को बढ़ जाता है, परन्तु मुझे सूझ ही नहीं पड़ता है।

देखो, जब वह छीनने लगे, तब उसको कौन रोकेगा3?

कौन उससे कह सकता है कि तू यह क्या करता है?

“परमेश्वर अपना क्रोध ठंडा नहीं करता।

रहब के सहायकों को उसके पाँव तले झुकना पड़ता है।

फिर मैं क्या हूँ, जो उसे उत्तर दूँ,

और बातें छाँट छाँटकर उससे विवाद करूँ?

चाहे मैं निर्दोष भी होता परन्तु उसको उत्तर न दे सकता;

मैं अपने मुद्दई से गिड़गिड़ाकर विनती करता।

चाहे मेरे पुकारने से वह उत्तर भी देता,

तो भी मैं इस बात पर विश्वास न करता, कि वह मेरी बात सुनता है।

वह आँधी चलाकर मुझे तोड़ डालता है,

और बिना कारण मेरी चोट पर चोट लगाता है।

वह मुझे साँस भी लेने नहीं देता है,

और मुझे कड़वाहट से भरता है।

यदि सामर्थ्य की चर्चा हो, तो देखो, वह बलवान है

और यदि न्याय की चर्चा हो, तो वह कहेगा मुझसे कौन मुकद्दमा लड़ेगा?

चाहे मैं निर्दोष ही क्यों न हूँ, परन्तु अपने ही मुँह से दोषी ठहरूँगा;

खरा होने पर भी वह मुझे कुटिल ठहराएगा।

मैं खरा तो हूँ, परन्तु अपना भेद नहीं जानता;

अपने जीवन से मुझे घृणा आती है।

बात तो एक ही है, इससे मैं यह कहता हूँ

कि परमेश्वर खरे और दुष्ट दोनों का नाश करता है।

जब लोग विपत्ति से अचानक मरने लगते हैं

तब वह निर्दोष लोगों के जाँचे जाने पर हँसता है।

देश दुष्टों के हाथ में दिया गया है।

परमेश्वर उसके न्यायियों की आँखों को मूँद देता है;

इसका करनेवाला वही न हो तो कौन है?

“मेरे दिन हरकारे से भी अधिक वेग से चले जाते हैं;

वे भागे जाते हैं और उनको कल्याण कुछ भी दिखाई नहीं देता।

वे तेजी से सरकण्डों की नावों के समान चले जाते हैं,

या अहेर पर झपटते हुए उकाब के समान।

यदि मैं कहूँ, ‘मैं विलाप करना भूल जाऊँगा,

और उदासी छोड़कर अपना मन प्रफुल्लित कर लूँगा,’

तब मैं अपने सब दुःखों से डरता हूँ4।

मैं तो जानता हूँ, कि तू मुझे निर्दोष न ठहराएगा।

मैं तो दोषी ठहरूँगा;

फिर व्यर्थ क्यों परिश्रम करूँ?

चाहे मैं हिम के जल में स्नान करूँ,

और अपने हाथ खार से निर्मल करूँ,

तो भी तू मुझे गड्ढे में डाल ही देगा,

और मेरे वस्त्र भी मुझसे घिन करेंगे।

क्योंकि परमेश्वर मेरे तुल्य मनुष्य नहीं है कि मैं उससे वाद-विवाद कर सकूँ,

और हम दोनों एक दूसरे से मुकद्दमा लड़ सके।

हम दोनों के बीच कोई बिचवई नहीं है,

जो हम दोनों पर अपना हाथ रखे।

वह अपना सोंटा मुझ पर से दूर करे और

उसकी भय देनेवाली बात मुझे न घबराए।

तब मैं उससे निडर होकर कुछ कह सकूँगा,

क्योंकि मैं अपनी दृष्टि में ऐसा नहीं हूँ।

Source notes (4)
  1. Footnote मनुष्य परमेश्वर की दृष्टि में कैसे धर्मी ठहर सकता है: अर्थात् परमेश्वर की दृष्टि में मनुष्य को पूर्ण पवित्र नहीं माना जा सकता है।
  2. Footnote वह तो पर्वतों को अचानक हटा देता है: यहाँ पर्वतों को अचानक हटा देना। भूकम्प और प्राकृतिक आपदा का संदर्भ है।
  3. Footnote जब वह छीनने लगे, तब उसको कौन रोकेगा: अर्थ स्पष्ट है। परमेश्वर हमारी सम्पदा को ले लेने का अधिकार रखता है। जब वह हम से कुछ लेता है तो वह वही लेता है, जो उसका ही है।
  4. Footnote मैं अपने सब दुःखों से डरता हूँ: अय्यूब अपने दु:खों के निरंतरता से डर रहा है और उनके प्रति आँखें नहीं मूँद सकता है।

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.