इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019
अय्यूब 18
शूही बिल्दद का वचन
तब शूही बिल्दद ने कहा,
“तुम कब तक फंदे लगा लगाकर वचन पकड़ते रहोगे?
चित्त लगाओ, तब हम बोलेंगे।
हम लोग तुम्हारी दृष्टि में क्यों पशु के तुल्य समझे जाते,
और मूर्ख ठहरे हैं।
हे अपने को क्रोध में फाड़नेवाले
क्या तेरे निमित्त पृथ्वी उजड़ जाएगी,
और चट्टान अपने स्थान से हट जाएगी?
“तो भी दुष्टों का दीपक बुझ जाएगा,
और उसकी आग की लौ न चमकेगी।
उसके डेरे में का उजियाला अंधेरा हो जाएगा,
और उसके ऊपर का दिया बुझ जाएगा।
उसके बड़े-बड़े फाल छोटे हो जाएँगे
और वह अपनी ही युक्ति के द्वारा गिरेगा।
वह अपना ही पाँव जाल में फँसाएगा1,
वह फंदों पर चलता है।
उसकी एड़ी फंदे में फँस जाएगी,
और वह जाल में पकड़ा जाएगा2।
फंदे की रस्सियाँ उसके लिये भूमि में,
और जाल रास्ते में छिपा दिया गया है।
चारों ओर से डरावनी वस्तुएँ उसे डराएँगी
और उसके पीछे पड़कर उसको भगाएँगी।
उसका बल दुःख से घट जाएगा,
और विपत्ति उसके पास ही तैयार रहेगी।
वह उसके अंग को खा जाएगी,
वरन् मृत्यु का पहलौठा उसके अंगों को खा लेगा।
अपने जिस डेरे का भरोसा वह करता है,
उससे वह छीन लिया जाएगा;
और वह भयंकरता के राजा के पास पहुँचाया जाएगा।
जो उसके यहाँ का नहीं है वह उसके डेरे में वास करेगा,
और उसके घर पर गन्धक छितराई जाएगी3।
उसकी जड़ तो सूख जाएगी,
और डालियाँ कट जाएँगी।
पृथ्वी पर से उसका स्मरण मिट जाएगा,
और बाजार में उसका नाम कभी न सुन पड़ेगा।
वह उजियाले से अंधियारे में ढकेल दिया जाएगा,
और जगत में से भी भगाया जाएगा।
उसके कुटुम्बियों में उसके कोई पुत्र-पौत्र न रहेगा,
और जहाँ वह रहता था, वहाँ कोई बचा न रहेगा। (अय्यू. 27:14)
उसका दिन देखकर पश्चिम के लोग भयाकुल होंगे,
और पूर्व के निवासियों के रोएँ खड़े हो जाएँगे। (भज. 37:13)
निःसन्देह कुटिल लोगों के निवास ऐसे हो जाते हैं,
और जिसको परमेश्वर का ज्ञान नहीं रहता,
उसका स्थान ऐसा ही हो जाता है।”
Source notes (3)
- Footnote वह अपना ही पाँव जाल में फँसाएगा: वह अपनी ही चतुराई में ऐसा फँस जाएगा जैसे उसने किसी के लिए जाल बिछाया, गड्ढा खोदा परन्तु स्वयं उसमें गिर गया।
- Footnote वह जाल में पकड़ा जाएगा: शाब्दिक अर्थ में ‘लुटेरे उसके खिलाफ प्रबल होंगे’।
- Footnote उसके घर पर गन्धक छितराई जाएगी: गन्धक सदैव ही उजड़ने का प्रतीक रहा है। जहाँ गन्धक होता है उस खेत में कुछ नहीं उगता है। यहाँ कहने का अर्थ है कि उस मनुष्य का घर पूर्णतः उजड़ जाएगा और त्यागा हुआ होगा।
इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.