Skip to content
BibleKenya

Biblica® Open Hindi Contemporary Version 2019

स्तोत्र 32:8

Verse 8 is marked below, with the whole chapter around it. Read from the start

दावीद की मसकील गीत रचना

धन्य हैं वे,

जिनके अपराध क्षमा कर दिए गए,

जिनके पापों को ढांप दिया गया है.

धन्य है वह व्यक्ति,

जिसके पापों का हिसाब याहवेह कभी न लेंगे.

तथा जिसके हृदय में कोई कपट नहीं है.

जब तक मैंने अपना पाप छिपाए रखा,

दिन भर कराहते रहने के कारण,

मेरी हड्डियां क्षीण होती चली गईं,

क्योंकि दिन-रात

आपका हाथ मुझ पर भारी था;

मेरा बल मानो ग्रीष्मकाल की

ताप से सूख गया.

तब मैंने अपना पाप अंगीकार किया,

मैंने अपना अपराध नहीं छिपाया.

मैंने निश्चय किया,

“मैं याहवेह के सामने अपने अपराध स्वीकार करूंगा.”

जब मैंने आपके सामने अपना पाप स्वीकार किया

तब आपने मेरे अपराध का दोष क्षमा किया.

इसलिये आपके सभी श्रद्धालु,

जब तक संभव है आपसे प्रार्थना करते रहें.

तब, जब संकट का प्रबल जल प्रवाह आएगा,

वह उनको स्पर्श न कर सकेगा.

आप मेरे आश्रय-स्थल हैं;

आप ही मुझे संकट से बचाएंगे

और मुझे उद्धार के विजय घोष से घेर लेंगे.

याहवेह ने कहा, मैं तुम्हें सद्बुद्धि प्रदान करूंगा तथा उपयुक्त मार्ग के लिए तुम्हारी अगुवाई करूंगा;

मैं तुम्हें सम्मति दूंगा और तुम्हारी रक्षा करता रहूंगा.

तुम्हारी मनोवृत्ति न तो घोड़े समान हो, न खच्चर समान,

जिनमें समझ ही नहीं होती.

उन्हें तो रास और लगाम द्वारा नियंत्रित करना पड़ता है,

अन्यथा वे तुम्हारे निकट नहीं आते.

दुष्ट अपने ऊपर अनेक संकट ले आते हैं,

किंतु याहवेह का करुणा-प्रेम1

उनके सच्चे लोगों को घेरे हुए उसकी सुरक्षा करता रहता है.

याहवेह में उल्‍लसित होओ और आनंद मनाओ, धर्मियो गाओ;

तुम सभी, जो सीधे मनवाले हो, हर्षोल्लास में जय जयकार करो!

Source notes (1)
  1. Footnote करुणा-प्रेम मूल में ख़ेसेद इस हिब्री शब्द का अर्थ में अनुग्रह, दया, प्रेम, करुणा ये शामिल हैं

Biblica® Open Hindi Contemporary Version 2019. Copyright © Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: Open.Bible. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-11-09.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.