Biblica® Open Hindi Contemporary Version 2019
स्तोत्र 13
संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.
कब तक, याहवेह? कब तक आप मुझे भुला रखेंगे, क्या सदा के लिए?
कब तक आप मुझसे अपना मुख छिपाए रहेंगे?
कब तक मैं अपने मन को समझाता रहूं?
कब तक दिन-रात मेरा हृदय वेदना सहता रहेगा?
कब तक मेरे शत्रु मुझ पर प्रबल होते रहेंगे?
याहवेह, मेरे परमेश्वर, मेरी ओर ध्यान दे मुझे उत्तर दीजिए.
मेरी आंखों को ज्योतिर्मय कीजिए, ऐसा न हो कि मैं मृत्यु की नींद में समा जाऊं,
तब तो निःसंदेह मेरे शत्रु यह घोषणा करेंगे, “हमने उसे नाश कर दिया,”
ऐसा न हो कि मेरा लड़खड़ाना मेरे विरोधियों के लिए आनंद का विषय बन जाए.
जहां तक मेरा संबंध है, याहवेह, मुझे आपके करुणा-प्रेम1 पर भरोसा है;
तब मेरा हृदय आपके द्वारा किए उद्धार में मगन होगा.
मैं याहवेह का भजन गाऊंगा,
क्योंकि उन्होंने मुझ पर अनेकानेक उपकार किए हैं.
Source notes (1)
- Footnote करुणा-प्रेम ख़ेसेद इस हिब्री शब्द के अर्थ में अनुग्रह, दया, प्रेम, करुणा ये सब शामिल हैं
Biblica® Open Hindi Contemporary Version 2019. Copyright © Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: Open.Bible. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-11-09.