Skip to content
BibleKenya

निर्गमन

Exodus

Introduction from this edition

निर्गमन

लेखक

परम्परा के अनुसार मूसा को इस पुस्तक का लेखक माना गया है। मूसा को इस पुस्तक का परमेश्वर प्रेरित लेखक मानने के दो ठोस कारण हैं। पहला, निर्गमन की पुस्तक ही में मूसा के लेखन कार्य की चर्चा की गई है। निर्गमन 34:27 में परमेश्वर ने मूसा को आज्ञा दी थी, “ये वचन लिख ले।” बाइबल के एक और संदर्भ के अनुसार परमेश्वर की आज्ञा का पालन करते हुए मूसा ने परमेश्वर के सारे निर्देश लिख लिए थे, “जितनी बातें यहोवा ने कहीं, मूसा ने यहोवा के सब वचन लिख दिए” (24:4)। अतः यह मानना तर्क-सम्मत ही है कि ये पद निर्गमन की पुस्तक में मूसा द्वारा लिखी गई बातों के संदर्भ में ही है। दूसरा, निर्गमन में वर्णित घटनाओं को मूसा ने स्वयं देखा था या उनमें वह सहभागी हुआ था। मूसा फ़िरौन के राजपरिवार में पाला गया था अतः वह लिखना-पढ़ना जानता था।

लेखन तिथि एवं स्थान

लगभग 1446 - 1405 ई. पू. इस तिथि से पूर्व इस्राएल 40 वर्ष अपनी अवज्ञा के कारण जंगल में भटक रहा था। इस पुस्तक के लेखन का यह सर्व-सम्भावित समय है।

प्रापक

इस पुस्तक के लक्षित पाठक निर्गमन ही के समय की पीढ़ी थी। मूसा ने यह पुस्तक सीनै समुदाय के लिए लिखी थी जिसे वह मिस्र से निकालकर लाया था (निर्ग. 17:14; 24:4; 34:27-28)।

उद्देश्य

निर्गमन की पुस्तक वृत्तान्त रूप में प्रस्तुत करती है कि इस्राएल कैसे यहोवा की प्रजा बना और वाचा की शर्तों को भी दर्शाती है कि उनके अनुसार वह जाति परमेश्वर की प्रजा होकर रहे। निर्गमन की पुस्तक में विश्वासयोग्य, सर्वशक्तिमान, उद्धारक, पवित्र परमेश्वर के गुण व्यक्त हैं जो इस्राएल के साथ वाचा बाँधता है। परमेश्वर के गुण उसके नाम और काम दोनों ही से प्रगट हैं। इसमें प्रगट किया गया है कि अब्राहम को दी गई परमेश्वर की प्रतिज्ञा (उत्प. 15:12-16) कैसे पूरी हुई जब परमेश्वर ने अब्राहम के वंशजों को मिस्र के दासत्व से मुक्त कराया। यह एक परिवार की कहानी है जो चुनी हुई एक जाति बना। (निर्ग. 2:24; 6:5; 12:37) मिस्र से निकलने वाले इब्रानियों की संख्या लगभग 20 से 30 लाख होगी।

मूल विषय

छुटकारा

रूपरेखा

1. आमुख — 1:1-2:25

2. मिस्र से इस्राएल की मुक्ति — 3:1-18:27

3. सीनै पर्वत पर वाचा दी गई — 19:1-24:18

4. परमेश्वर का राजसी तम्बू — 25:1-31:18

5. विद्रोह के परिणामस्वरूप परमेश्वर से दूर होना — 32:1-34:35

6. परमेश्वर के मिलापवाले तम्बू की स्थापना — 35:1-40:38

इंडियन रिवाइज्ड वर्जन (IRV) हिंदी - 2019. Copyright © 2017, 2018, 2019 Bridge Connectivity Solutions. Licensed under CC BY-SA 4.0. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.

Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.

BibleKenya

Reader settings

Theme
Font
Alignment
Reading width

Saved in this browser and used offline too. Press ? for keyboard shortcuts.