Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि
यशायाह 21
बाबेल के विरुद्ध में भविष्यवाणी
समुद्र किनारे की मरुभूमि के विरुद्ध भविष्यवाणी:
जिस प्रकार दक्षिण के भूमि में आंधी आती है,
उसी प्रकार बंजर भूमि से,
अर्थात् आतंक का देश से निकलकर आक्रमणकारी आ रहा है.
मुझे एक दर्शन मिला जो दुःख का था कि:
विश्वासघाती विश्वासघात करता है और नाशक नाश करता है.
हे एलाम, चढ़ाई करो! हे मेदिया, सबको घेर लो!
मैं उन सबके दुःख को खत्म कर दूंगा जो उसके कारण हुए हैं.
इस कारण मेरे शरीर में दर्द है,
मैं इतना घबरा गया हूं, कि मुझे सुनाई नहीं देता;
मैं इतना डर गया हूं,
कि मुझे दिखाई नहीं देता.
मेरा हृदय कांपता है,
डर ने मुझे घेर लिया है;
वह शाम जिसकी मुझे चाह थी
वह डर में बदल गई है.
भोजन की तैयारी हो गई
और मेहमानों को बिठाया जा रहा है,
शासकों उठो,
ढालों पर तेल लगाओ!
प्रभु ने मुझसे कहा है:
“जाओ, एक पहरेदार को खड़ा करो
और जो कुछ वह देखे उसे बताने दो.
जब घोड़ों, गधों और ऊंटों पर
सवारी आता देखे तब उन पर खास दे.”
तब वह पहरेदार सिंह के समान गुर्राते हुए कहेगा,
“हे स्वामी, मैं दिन भर खड़ा पहरा देता रहता हूं;
और पूरी रात जागता हूं.
और देखो रथ में एक आदमी आता है,
दो-दो घोड़ों के रथ में सवार होकर आ रहे हैं.
उसने कहा:
‘गिर गया, बाबेल गिर गया!
सभी मूर्तियां गिरकर
चूर-चूर हो गई हैं!’ ”
हे मेरे कुचले गए पुत्र,
हे मेरे खलिहान के पुत्र
सर्वशक्तिमान याहवेह इस्राएल के परमेश्वर ने,
मुझसे जो कुछ कहा, वह मैंने तुम्हें बता दिया.
एदोम के विरोध में भविष्यवाणी
दूमाह1 के विरोध में भविष्यवाणी:
सेईर से मुझे कोई बुला रहा है,
“हे पहरेदार, रात की क्या ख़बर है?”
पहरेदार ने कहा,
“सुबह होती है, और रात भी.
और जो कुछ आप पूछना चाहते हैं, पूछिए;
और पूछने के लिये आईये.”
अराबिया के खिलाफ़ एक भविष्यवाणी
अराबिया के खिलाफ़ एक भविष्यवाणी: ददान के यात्री संघो,
अराबिया के बंजर भूमि में तुम रात बिताओगे,
तेमा देश के लोगों को पानी पिलाओगे;
भागे हुओं को खाना दो.
क्योंकि वे युद्ध से भागे हुए हैं,
और तलवार
और धनुष के
सामने से भागे हुए हैं.
क्योंकि प्रभु ने मुझसे ऐसा कहा है: “मज़दूर के अनुसार एक ही वर्ष में, केदार की शान खत्म हो जाएगी. केदार के तीर चलानेवालों की गिनती कम हो जाएगी.” यह याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर, का वचन है.
Source notes (1)
- Footnote दूमाह एदोम का दूसरा नाम अर्थ खामोशी
Biblica® हिंदी समकालीन संस्करण-स्वतंत्र उपलब्धि. Copyright © 1978, 2009, 2016, 2019 Biblica, Inc. Licensed under CC BY-SA 4.0. “Biblica” is a trademark registered in the United States Patent and Trademark Office by Biblica, Inc. Source: eBible.org. Typeset from the source files; no intended changes to scripture wording. BibleKenya is not endorsed by the rights holder.
Full source notice & licence · CC BY-SA 4.0 · SourceEdition imported 2026-10-25.